ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, क्षत-विक्षत शव बरामद

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, क्षत-विक्षत शव बरामद
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। मैलानी-सीतापुर रेलवे ट्रैक पर गोला कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसा भल्लिया बुजुर्ग रेलवे फाटक के निकट हुआ। महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:22 बजे रजागंज से गोला की ओर जा रही 15009 एक्सप्रेस की चपेट में महिला आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का शव क्षत-विक्षत हो गया और शरीर के कई हिस्से काफी दूर तक जा गिरे।
गेटमैन अनुपम कुमार की सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी गोला कोतवाली पुलिस को दी। रेलवे पुलिस ने शव को गोला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव के अवशेष हटवाकर रेल यातायात बहाल कराया।
गोला पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।