कस्ता मंडल में संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत निकली कलश बंधन यात्रा


नीमगांव, खीरी। कस्ता विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मितौली में संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत पावन माटी युक्त कलश बंधन यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ शिवाला तिराहे से हुआ। इस दौरान संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कलश बंधन यात्रा मदारपुर, मडेरा, भीखमपुर, गणेशपुर और वीरपुर होते हुए पंचकुटी मंदिर पकरिया जलालपुर पहुंची। इसके बाद नर्मनेश्वर मंदिर और महादेव मंदिर पकरिया में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कस्ता मंडल की यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान वीरपुर गांव में स्थापित संत रविदास महाराज की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को प्रसाद वितरित किया गया। प्रतिमा स्थल के पुजारी के पुत्र बाबूराव ने उपस्थित लोगों को संत रविदास महाराज के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश की जानकारी दी। इस दौरान संत रविदास महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता की दिशा में प्रेरणा देते हैं।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर कस्ता मंडल अध्यक्ष कौशल किशोर बाजपेयी, जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद्र पुष्कर, अवधेश कुमार पप्पू, नारायण प्रसाद त्रिवेदी, प्रदीप वर्मा, नन्हे लाल, कानवाजिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश वर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।