दरियाबाद को शिक्षा की बड़ी सौगात, 25.47 करोड़ से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय

रिपोर्ट -संतोष शुक्ला

दरियाबाद। विधानसभा दरियाबाद के ग्राम पंचायत क्यामपुर में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना के लिए 2547.26 लाख रुपये यानी करीब 25.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। क्यामपुर में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना महज एक विद्यालय भवन का निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उनके आसपास ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी और अभिभावकों को भी राहत मिलेगी।

सतीश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकताओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्रमुख रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मजबूत आधार मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “यह सौगात मुख्यमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को जमीन पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दरियाबाद के बच्चों को बेहतर शिक्षा और बेहतर भविष्य देना हमारी प्राथमिकता है।”

क्यामपुर में प्रस्तावित इस परियोजना को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे। परियोजना को दरियाबाद के शैक्षिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।