
बाराबंकी। बाराबंकी के बिछलखा गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय छात्रा का शव घर के किचन में फंदे से लटकता मिला। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। खेत से घर लौटे पिता ने जब किचन में बेटी का शव लटकता देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
बिछलखा गांव निवासी मुरली लोधी सोमवार को रोज की तरह खेत गए हुए थे। बताया गया कि उनकी पत्नी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके भाई को राखी बांधने गई थीं। घर पर उनकी 20 वर्षीय पुत्री सपना अकेली थी। दोपहर के समय मुरली लोधी खेत से वापस घर पहुंचे। घर में प्रवेश करने के बाद जब वह किचन की ओर गए तो वहां बेटी का शव बांस के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ मिला। बेटी को इस हालत में देखकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।