
राज राजेश्वरी मां भगवती का दुग्धाभिषेक कर उतारी आरती, इस बार और भव्य होगा महाराजा अग्रसेन महोत्सव
कोसीकलां। महाराजा अग्रसेन महोत्सव की तैयारियों का श्रीगणेश रविवार को धार्मिक अनुष्ठान के साथ किया गया। श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर के गणमान्य लोगों के साथ नगर की आदि देवी राज राजेश्वरी मां भगवती का दुग्धाभिषेक कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही आगामी महाराजा श्री अग्रसेन महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
हर वर्ष रामलीला महोत्सव के साथ नगर में श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा की ओर से महाराजा श्री अग्रसेन महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महोत्सव के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रविवार सुबह करीब नौ बजे मां भगवती मंदिर में मेला आचार्य पं. मोर मुकुट शास्त्री के दिशा-निर्देशन में विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान हुआ। सभा के अध्यक्ष संजीव जाबिया, मंत्री जगदीश गोयल सहित समाज के गणमान्य लोगों ने मां भगवती का दुग्धाभिषेक किया और आरती उतारकर महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की।
दुग्धाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं महोत्सव के निर्विघ्न आयोजन की प्रार्थना की।
सभा के अध्यक्ष संजीव जाबिया एवं मंत्री जगदीश गोयल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष महाराजा अग्रसेन महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने समाज के लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
दुग्धाभिषेक कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेश मंगला, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, दीनबंधु अग्रवाल, अनिल प्रधान, राजीव अग्रवाल, तरुण सेठ, कन्हैयालाल गोयल, सुनील शेरगढ़िया, जगमोहन अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, नेमचंद गर्ग, कमलेश गोयल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।