कोसीकलां में सर्राफा प्रतिष्ठान से करोड़ों की चोरी, करीब 10-12 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख नकदी ले गए चोर

एसएसपी श्लोक कुमार ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, चार टीमों का गठन; व्यापारियों ने बाजार बंद कर जताया आक्रोश

मथुरा/कोसीकलां। थाना कोसीकलां क्षेत्र के भरत मिलाप चौक स्थित सर्राफा बाजार में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर एक सर्राफा प्रतिष्ठान की तिजोरी से करीब 10 से 12 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए माल की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। वारदात की जानकारी मिलते ही सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर आक्रोश जताया।
नगर के प्रसिद्ध भरत मिलाप चौक स्थित जुगल किशोर अमित कुमार सराफ की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार शाम दुकान बंद करने के बाद व्यापारी अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोले जाने पर तिजोरी खुली मिलने से चोरी की घटना का पता चला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और तिजोरी से सोने के आभूषण तथा नकदी निकाल ले गए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। करोड़ों रुपये की चोरी से नाराज व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि सर्राफा बाजार में नियमित रूप से पुलिस पिकेट तैनात रहती है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार पुलिस अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओजी और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की तथा फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने तिजोरी को बेहद शातिराना तरीके से खोला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दुकान और उसके आसपास के रास्तों के अलावा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस पीड़ित सर्राफ से मिली जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसएसपी ने व्यापारियों को जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से वारदात का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा नेता तरुण सेठ भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
पुलिस पिकेट के बावजूद चोरी, व्यापारियों में नाराजगी
सर्राफा बाजार में हुई करोड़ों रुपये की चोरी को लेकर व्यापारियों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के प्रति नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में हमेशा पुलिस पिकेट तैनात रहती है, इसके बावजूद चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।
फोटो परिचय: कोसीकलां में सर्राफा व्यापारी के यहां हुई चोरी की वारदात का स्थलीय निरीक्षण करते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार। साथ में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी एवं भाजपा नेता तरुण सेठ।