कोसीकलां सर्राफा चोरी का 24 घंटे से कम समय में खुलासा, शत-प्रतिशत सोना और नगदी बरामद


मथुरा/कोसीकलां। कोसीकलां में सर्राफा कारोबारी के यहां हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में मथुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे से कम समय में घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी हुए सोने के आभूषण और नगदी की शत-प्रतिशत बरामदगी की। पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों में खुशी है।
पुलिस की तत्परता और कार्रवाई से उत्साहित व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा पुलिस लाइन पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित करते हुए आभार जताया।
सर्राफा कारोबारी अमित कुमार उर्फ मोना सराफ ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने जिस तत्परता के साथ मामले में कार्रवाई की और चोरी हुए शत-प्रतिशत सोने के आभूषण व नगदी बरामद की, उससे व्यापारियों में पुलिस के प्रति भरोसा और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से व्यापारियों का विश्वास बढ़ा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व भाजपा छाता विधानसभा प्रत्याशी तरुण सेठ ने कहा कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जिस तेजी से मामले का खुलासा किया, उससे व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई के लिए सदैव आभारी रहेगा।
व्यापारियों ने एडीजी आगरा एसके भगत, डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडे, एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार, एसपी देहात सुरेश चंद रावत, क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा और थाना प्रभारी कोसीकलां कमलेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों का स्मृति चिह्न और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना का जल्द खुलासा हुआ, बल्कि व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
स्वागत करने वाले व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल में डॉ. राजेश मंगल, अग्रवाल सभा के पूर्व मंत्री मनीष कादोनिया, गिरीश अग्रवाल, राहुल सोनी, शशांक सोनी, गोविंद अग्रवाल सहित दर्जनभर व्यापारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय: मथुरा पुलिस लाइन में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत करते भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण सेठ, कारोबारी अमित कुमार उर्फ मोना सराफ एवं अन्य व्यापारी।