
कासगंज। सोरों क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के साथ दबंगों द्वारा अभद्रता, धक्का-मुक्की और हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सुरेश चौधरी को 8 से 10 लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट का प्रयास किया। इस दौरान उनके ड्राइवर जीतू का मोबाइल फोन भी कथित तौर पर छीन लिया गया।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार सुरेश चौधरी अपनी टीम के साथ सोरों क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। टीम ने मौके पर बालू खनन में लगे वाहनों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
नायब तहसीलदार के अनुसार, करीब 8 से 10 लोगों ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की करते हुए हमला करने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान जब्त किए जा रहे वाहनों को भी आरोपी कथित तौर पर छुड़ाकर मौके से ले गए।
बताया गया कि आरोपी चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर लेकर मौके से फरार हो गए। घटनाक्रम के दौरान नायब तहसीलदार के ड्राइवर जीतू से मोबाइल फोन छीने जाने का भी आरोप है।
मामले में नायब तहसीलदार ने सोरों कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में मुख्य आरोपी के रूप में राजा का नाम बताया गया है। इसके अलावा राहुल राजपूत, विकाल यादव, दिलीप सहित दो अन्य अज्ञात लोगों के नाम भी तहरीर में बताए गए हैं।
तहरीर मिलने के बाद सोरों पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल लोगों और मौके से फरार हुए वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के साथ हुई कथित अभद्रता और कार्रवाई में बाधा डालने के मामले को लेकर पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।