
लखनऊ। उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की मेजबानी में 39वीं अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 13 से 16 अक्टूबर तक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), लखनऊ में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के 13 डाक परिमंडलों से लगभग 157 खिलाड़ी, मैनेजर और कोच हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश पोस्टल स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के चेयरपर्सन एवं उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल डॉ. अजय सिंह चौहान ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से डाक विभाग के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और तेलंगाना के डाक परिमंडलों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के सभी मुकाबले मान्यता प्राप्त रेफरी की देखरेख में कराए जाएंगे। प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए डाक निदेशालय, नई दिल्ली की ओर से श्री रमजान अली को पर्यवेक्षक एवं तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
लखनऊ में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से विभिन्न राज्यों के डाक परिमंडलों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। चार दिवसीय आयोजन का समापन 16 अक्टूबर को होगा।