
कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव दुलीचंदपुर में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची प्रवर्तन दल और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेकिंग का विरोध करते हुए एक ग्रामीण ने पेट्रोलमैन के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे अवर अभियंता (जेई) को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद विद्युत विभाग की टीम में अफरा-तफरी मच गई और चेकिंग अभियान बाधित हो गया। अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत वितरण खंड सोरों के अवर अभियंता अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 नवंबर की सुबह करीब 8:35 बजे वह प्रवर्तन दल के प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गांव दुलीचंदपुर में बिजली चोरी की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी रामबहादुर पुत्र सुरेश पाल मौके पर पहुंचा और सरकारी कार्य में बाधा डालने लगा।
तहरीर के मुताबिक, जब टीम ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और पेट्रोलमैन शिवम को थप्पड़ मार दिए। अवर अभियंता अमित कुमार ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें और पेट्रोलमैन को भविष्य में नौकरी नहीं करने देने की धमकी दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
सोरों कोतवाली पुलिस ने अवर अभियंता अमित कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी रामबहादुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 121 और 132 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सर्वेश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।