
कासगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को अलीगढ़ मंडल के चारों जनपदों अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज में विशेष मतदाता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सभी मतदेय स्थलों (बूथों) पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर देना है।
मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक ओपी आर्य (आईएएस) ने मंडल के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने निर्धारित आयु संबंधी अर्हता पूरी कर ली है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। इसके अलावा महिलाएं और अन्य पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए अभियान का लाभ उठा सकते हैं।
मंडलायुक्त ने मतदाताओं से यह भी कहा कि यदि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य व्यक्तिगत विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसे ठीक कराने के लिए संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय विशेष अभियान दिवस पर ही अपने मतदाता संबंधी विवरणों का सत्यापन करा लें।
अभियान को लेकर मंडलायुक्त ने चारों जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें। सभी बूथों पर बीएलओ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ मतदाताओं की सहायता के लिए भी उचित व्यवस्थाएं की जाएं।
मंडलायुक्त ओपी आर्य ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष एवं मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और उसमें मौजूद गलतियों को ठीक कराने के लिए सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने मंडल के सभी नागरिकों से रविवार को अपने बूथ पर पहुंचकर इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।