
अछनेरा। खजुराहो एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक परिवार के लिए मंगलवार की शाम खुशियों भरी सौगात लेकर आई। ट्रेन में यात्रा के दौरान गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होते देख रेलवे और स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता दिखाते हुए महिला को अछनेरा स्टेशन पर उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार रघुवीर सिंह अपनी पत्नी मधु, पिता गुलाब सिंह और माता सुमित्रा देवी के साथ खजुराहो एक्सप्रेस से जयपुर के फुलेरा जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक मधु को तेज लेबर पेन शुरू हो गया। परिजनों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को अछनेरा स्टेशन पर रुकवाया और महिला को नीचे उतारा।
मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे मधु को अछनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने बिना देर किए उपचार शुरू किया। करीब एक घंटे बाद शाम 7:35 बजे महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि डिलीवरी पूरी तरह सामान्य रही। इस सफल प्रसव में नर्स हिरदेश सिंह, अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार और मेडिकल टीम की अहम भूमिका रही। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
बेटे के जन्म के बाद रघुवीर सिंह के परिवार में खुशी का माहौल है। अस्पताल स्टाफ और रेलवे कर्मियों की तत्परता की परिजनों ने सराहना की।