AKTU में स्वगणना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित: छात्रों से डिजिटल अभियान में सहयोग की अपील

लखनऊ। राजधानी के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में गुरुवार को कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन में स्वगणना विषयक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्रों को स्वगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और डिजिटल माध्यम से जानकारी भरने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि स्वगणना पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को अपनी सूचनाएं डिजिटल रूप से स्वयं भरनी हैं। यह प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक है। साथ ही स्वयं जानकारी दर्ज करने से त्रुटियों की संभावना भी कम हो जाती है। प्रतिभागियों को स्वगणना की आठ चरणों वाली प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि लोग इसे आसानी से समझकर पूरा कर सकें।

डिजिटल माध्यम से दी गई प्रशिक्षण जानकारी

कम्प्यूटर प्रोग्रामर शुभी पाण्डेय और रिसर्च इंजीनियर गौरव राय ने डिजिटल माध्यम से स्वगणना पोर्टल के उपयोग और प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को मोबाइल के जरिए स्वगणना भरने में सहयोग करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बन सकें।

सही आंकड़ों से विकास को मिलेगी गति

एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने सभी से सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही और सटीक सूचनाएं देश के विकास की योजनाओं को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

संस्थानों के निदेशक और शिक्षक भी कार्यक्रम से जुड़े

इस अवसर पर उपकुलसचिव डॉ. डीपी सिंह और सहायक कुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव ने भी अधिक से अधिक लोगों से इस प्रक्रिया का पालन करने और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. आकाश वेद, सहायक कुलसचिव सुनील पाण्डेय, डॉ. शिवम गुप्ता, शांतनु पाठक, व्यवस्थाधिकारी प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। वहीं ऑनलाइन माध्यम से लखनऊ जिले के विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के निदेशक और शिक्षक भी कार्यक्रम से जुड़े।