
लखनऊ/मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस की आगामी फिल्म एक दिन इन दिनों चर्चा में है। साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर यह फिल्म एक भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी का वादा करती है। फिल्म के रूहानी गानों के बाद अब इसके ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। इसी बीच इंडस्ट्री के एक स्वतंत्र सूत्र ने फिल्म की शूटिंग जापान में करने के पीछे की दिलचस्प वजह का खुलासा किया है।
सूत्रों के मुताबिक फिल्म की शूटिंग जापान में करने का विचार खुद आमिर खान का था। इससे पहले उनकी फिल्में 3 इडियट्स और दंगल जापान में रिलीज हो चुकी हैं और वहां उन्हें शानदार रिस्पॉन्स मिला था। इसी अनुभव के चलते आमिर खान इस बार जापान की खूबसूरती और प्राकृतिक नजारों को अपनी फिल्म का हिस्सा बनाना चाहते थे।
‘ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया का शिकार
फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही कहानी की झलक सामने आ गई है। इसमें जुनैद खान एक शर्मीले और अंतर्मुखी युवक के किरदार में नजर आते हैं, जो अपनी सहकर्मी साई पल्लवी से प्यार करता है। हालांकि, वह उससे अपने दिल की बात कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब जापान में साई का एक्सीडेंट हो जाता है और वह ‘ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया का शिकार हो जाती है। इस स्थिति में वह सब कुछ भूल जाती है, सिवाय जुनैद के, जिसने उसकी जान बचाई होती है। यही मोड़ फिल्म की कहानी को एक नया और रोमांचक दिशा देता है।
ट्रेलर से साफ है कि यह फिल्म एक सॉफ्ट, भावनात्मक और उम्मीद से भरी प्रेम कहानी है, जो प्यार, विश्वास और चमत्कार में भरोसा रखने की बात करती है। लंबे समय बाद इस तरह की कोमल रोमांटिक कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह है।
1 मई 2026 को होगी रिलीज
खास बात यह भी है कि इस फिल्म के जरिए एक्टर आमिर खान और फिल्ममेकर मंसूर खान की हिट जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों ने कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर, अकेले हम अकेले तुम और जाने तू… या जाने ना जैसी यादगार फिल्में दी हैं। ऐसे में ‘एक दिन’ के साथ इस जोड़ी की वापसी ने फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं।
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने संभाली है। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।