सड़क हादसे ने छीनी एक और जिंदगी, बाइक-टेम्पो भिड़ंत में युवक की मौत

बहराइच। जिले में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली और एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा के पास बाइक और सीएनजी टेम्पो की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद बाइक में आग लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई और बाइक सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के सोमईगौढ़ी निवासी राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण देने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।