हक के लिए सड़कों पर उतरे कुली, चारबाग स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ। देशभर में कुलियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों कुली एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय कुली मोर्चा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन रेलवे स्टेशनों पर बैटरी कारों से सामान ढोने और उन पर लगेज रेट लिखे जाने के विरोध में किया गया।कुलियों का कहना है कि रेल मंत्रालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि बैटरी कार केवल असहाय, वृद्ध, बीमार और दिव्यांग यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए संचालित होंगी, जबकि सामान ढोने का कार्य कुलियों का है। इसके बावजूद बैटरी कारों से लगेज ढुलवाया जा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है।राष्ट्रीय कुली मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। उनका आरोप है कि ठेकेदारी व्यवस्था और कॉर्पोरेट हस्तक्षेप के चलते कुलियों के पारंपरिक काम को खत्म किया जा रहा है।कुलियों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें रेलवे में समायोजित किया जाए और उनके सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। साथ ही बैटरी कारों से सामान ढुलवाने पर तत्काल रोक लगाई जाए।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कुली मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन को लेकर कुलियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।