
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में जेठ रोड स्थित सैथा गांव के पास भुईयां देवी मंदिर के निकट एक युवक के नदी में डूबने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मुसरगंज निवासी अंकुर गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे खाना खाने के बाद नदी किनारे हाथ धोने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह लापता हो गया।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस प्रशासन ने तेजी दिखाई होती तो शायद अंकुर की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।