रिपब्लिक-डे वीकेंड 2027 पर छाएगी फिल्म लव एंड वॉर: 21 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म

मुंबई। इस साल की सबसे बड़ी सिनेमाई घोषणाओं में से एक के तौर पर सामने आई ‘लव एंड वॉर’ अब आधिकारिक रूप से भारत के रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन वीकेंड पर रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म गुरुवार, 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। लंबे समय से चर्चा में बनी यह फिल्म हाल के दशकों की सबसे बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्मों में गिनी जा रही है।

फिल्म में बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की दमदार तिकड़ी नजर आएगी, जिनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। ‘लव एंड वॉर’ को भव्य पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसे निर्देशक संजय लीला भंसाली की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी रोमांटिक ड्रामा फिल्म माना जा रहा है। अपनी विशाल कहानी, भावनात्मक गहराई और हाई-स्टेक ड्रामा के चलते यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी लव सागा बनने की ओर अग्रसर है।

दर्शकों को अपनी दुनिया में डुबो देने वाली कहानी

संघर्ष और गहरे जज़्बातों की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म प्यार, दोस्ती, धोखा और जुनून जैसे पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से पेश करेगी। भंसाली की फिल्मों की खास पहचान भव्य सेट, शानदार विजुअल्स और दर्शकों को अपनी दुनिया में डुबो देने वाली कहानी इस फिल्म में भी देखने को मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि ‘लव एंड वॉर’ न सिर्फ अपने बड़े पैमाने और तकनीकी भव्यता से प्रभावित करेगी, बल्कि अपनी भावनात्मक अपील से दुनियाभर के दर्शकों के दिलों को भी छू जाएगी।

इन भाषाओं में होगी रिलीज

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्केल और संवेदनशीलता का अनूठा संगम पेश करने का दावा करती है। खास बात यह है कि ‘लव एंड वॉर’ को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने के लिए हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।