
लखनऊ। राजधानी में एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक फूड डिलीवरी कंपनी के वेयरहाउस में टीम लीडर के पद पर कार्यरत है और शेयर मार्केट व क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करता था। लगातार नुकसान के चलते उस पर 6 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था। आर्थिक दबाव से परेशान होकर उसने एटीएम तोड़कर पैसे चोरी करने की योजना बनाई, लेकिन वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका।
क्या है पूरा मामला
गिरफ्तार युवक की पहचान उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के शेरशाह गांव निवासी 21 वर्षीय गुलशन कुमार के रूप में हुई है। उसने 11 अप्रैल की सुबह बंथरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित हिताची एटीएम में तोड़फोड़ कर कैश चोरी करने का प्रयास किया था। घटना के दौरान वह हेलमेट पहनकर एटीएम बूथ में घुसा और करीब सात मिनट तक सब्बल से मशीन तोड़ने की कोशिश करता रहा। हालांकि वह मशीन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त नहीं कर सका और बिना कैश निकाले ही मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वर्ष 2024 में प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज होकर परिवार ने उसे अलग कर दिया था। वर्तमान में वह बंथरा के उम्मेदखेड़ा गांव में किराये पर रह रहा था और वहीं स्थित प्राइवेट कंपनी के वेयरहाउस में टीम लीडर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, शेयर मार्केट और क्रिप्टोकरेंसी में घाटे के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था और इसी दबाव में उसने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया सब्बल, कटर और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बंथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के मुताबिक, इस मामले में एटीएम बूथ संचालक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।