पंजाब-राजस्थान में बाल मजदूरी के लिए जा रहे थे बच्चे, RPF की बड़ी कार्रवाई

बाराबंकी। Budhwal Railway Station पर रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 9 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। सभी बच्चे बिहार से बिना परिजनों के डरे-सहमे हालत में पंजाब और राजस्थान की ओर जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बाल मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15212 में बच्चों के होने की सूचना मिलने पर Railway Protection Force पोस्ट बुढ़वल की टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में उ.नि. जसवीर सिंह, स.उ.नि. संजीव कुमार यादव, हे.कां. रामानुज यादव और कांस्टेबल धर्माग्यवार्ता सिंह ने सामाजिक संस्था और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के साथ कार्रवाई की।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंचते ही कोच संख्या 255669 से पांच और कोच 255412 से चार बच्चों को शौचालय गैलरी से बरामद किया गया। पूछताछ में बच्चों ने अपने नाम नितेश, नीरज, अंकित, छीटाराम, अजय, अमन, आनंद, नितीश और रुपेश बताए। सभी बच्चे बिहार के मोतिहारी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा और बेतिया जिलों के निवासी हैं। उनकी उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है।
बच्चों ने बताया कि वे काम की तलाश में घर से निकले थे, लेकिन उन्हें यह भी नहीं पता था कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है। टीम ने बाल श्रम और मानव तस्करी की आशंका को देखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सभी बच्चों को काउंसिलिंग और आगे की कार्रवाई के लिए Childline बाराबंकी को सुपुर्द कर दिया गया है।