मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम, प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं : रामबाबू द्विवेदी

बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों के उपयोग, विज्ञान एवं नवाचार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर जागरूक कर रहे हैं। उनके विचार समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री उपेंद्र रावत, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष आशुतोष अवस्थी, जैदपुर मंडल अध्यक्ष प्रेम प्रकाश द्विवेदी, किसान मोर्चा के जिला मंत्री आशुतोष तिवारी, किसान मोर्चा भाजपा बाराबंकी के जिला सोशल मीडिया प्रभारी नागेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सामूहिक श्रवण के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को गंभीरता से सुना और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं की टिफिन बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर बल दिया गया।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा जय भाजपा, विजय भाजपा के उद्घोष के साथ हुआ।