दो दिनो की बारिश से गिरा दिल्ली में मौसम का पारा

अमर भारती : आखिरकार लंबे इंतजार के बाद दिल्ली और आस-पास के इलाको के मौसम में बदलाव आया है। बता दें कि तेज गर्मी के बाद अब लोग जमकर रिमझिम बरसते सावन का आनंद ले रहे हैं। इसके चलते अब मौसम का पारा भी दिल्ली में गिर गया है। लेकिन इतनी बारिश होने के बाद दिल्ली में एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने आ गई है।

दरअसल एनसीआर में काले बादलों की आंख मिचौली के बाद मंगलवार देर रात झमाझम बारिश शुरू हुई, जो लगातार सुबह तक होती रही। लगातार हुई बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज हुआ।

मौसम विभाग की माने तो कुछ इलाकों में बारिश जमकर हुई तो, कुछ जगह हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे तक दिल्ली में 21.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। सुबह 11 बजे तक हल्की बारिश होती रही। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 31.7 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

गौरतलब है कि आने वाले दो दिनो तक बादल छाये रहने का अनुमान लगाया गया है। गुरुवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि शुक्रवार को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार के बाद से दिल्ली के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।