उत्तर प्रदेश के एटा में खड़ी रोडवेज बस में तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए।

नई दिल्ली/अमर भारती। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के कीलरमऊ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।
तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी बस
जानकारी के अनुसार, एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस में तकनीकी खराबी आने पर चालक ने उसे सड़क किनारे रोक दिया। अधिक गर्मी होने के कारण कई यात्री बस से उतरकर उसके पीछे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने बस के पिछले हिस्से में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के पीछे खड़े यात्री इसकी चपेट में आ गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। थोड़ी देर बाद पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत दल ने मिलकर घायलों को बस और सड़क से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ी बस से कैंटर की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले यात्री
इस हादसे में निम्न लोगों की मौत हुई है-
- राजेश (34), निवासी दौलतपुर, नवाबगंज, फर्रुखाबाद
- शैलेश कुमार (29), निवासी उम्मरपुर, नवाबगंज, फर्रुखाबाद
- सतेन्द्र (25), निवासी भर्रा, थाना स्याना, बुलंदशहर
- सुखराम, निवासी पिलखना, फर्रुखाबाद
- एक अज्ञात व्यक्ति
इन यात्रियों का चल रहा है इलाज
घायलों में सुमित (बालोखर), रिशु (कलवाड़ा), सनी (जयसिंहपुर), विक्रांत (नवाबगंज), अतेंद्र (नवाबगंज), विशाल (अचलिया बाकलपुर, नवाबगंज, फर्रुखाबाद), नितिन कुमार (आवास विकास कॉलोनी, एटा), दक्ष (नई बस्ती, मेरठ) तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। सभी का एटा मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
यहां भी पढ़ें-
अयोध्या प्रकरण में बढ़ाई गई SIT जांच की समय-सीमा: 15 जुलाई तक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश