
जगदीशपुर/अमेठी। जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ियांवा गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शौच के लिए गए बुजुर्ग हीरालाल द्विवेदी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया।
परिजनों के अनुसार हीरालाल द्विवेदी सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से खेत की ओर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की गई।
दिन निकलते ही हुई इस हत्या की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।