
एत्मादपुर (आगरा)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। पिपरिया गांव के पास तेज रफ्तार बालू से भरे डंपर ने पैदल जा रहे मजदूर को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक डंपर में फंसकर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरिया गांव निवासी 32 वर्षीय अनुपम पाल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार सुबह वह पैदल कहीं जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे बालू लदे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिसके कारण अनुपम डंपर के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटता रहा। गंभीर चोटों के चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा डंपर चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार के विरोध में शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल बालू से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया है तथा उसके खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।