
कोसीकला। छाता विधानसभा क्षेत्र के गांव सांखी में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भाजपा के वरिष्ठ नेता कुं. ऋषिराज सिंह ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व भाजपा छाता मंडल अध्यक्ष केपी सिंह द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा के दौरान व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत महापुराण का महत्व बताते हुए कहा गया कि श्रीमद्भागवत स्वयं भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप है और भगवान श्रीकृष्ण स्वयं श्रीमद्भागवत हैं। भागवत कथा का श्रवण जीव मात्र के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है तथा पुरुषोत्तम मास में कथा श्रवण का पुण्यफल कई गुना बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता कुं. ऋषिराज सिंह का आयोजनकर्ता एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष केपी सिंह ने भगवान राधा-कृष्ण का चित्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ग्रामीणों के बीच चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कुं. ऋषिराज सिंह ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व एवं संगठन उन्हें अवसर देता है तो वह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में छाता विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करने के लिए सदैव तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर विकास एवं सेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।