IT कॉलेज में गोल्डन सर्कल समारोह का भव्य आयोजन: समारोह बना महिला सशक्तिकरण का प्रतीक

लखनऊ। राजधानी के इसाबेला थोबर्न कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित “गोल्डन सर्कल समारोह” बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। एशिया के प्रथम नारी अध्ययन केंद्र के रूप में विख्यात यह संस्थान लंबे समय से शैक्षणिक उत्कृष्टता और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक रहा है। एक अग्रणी महिला महाविद्यालय के रूप में कॉलेज ने अनेक छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

यह समारोह इसाबेला थोबर्न कॉलेज की गौरवशाली परंपराओं में से एक है, जिसका आयोजन कॉलेज अध्यक्ष डॉ. ईएस चार्ल्स के संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एल साल्विन रहीं। समारोह की शुरुआत कार्यवाहक प्राचार्या डॉ (मेजर) नीरजा मसीह द्वारा आराधना के आह्वान से हुई, जिसमें प्रार्थनाएं और भजन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता और भावुकता का संचार हुआ।

सेवानिवृत्त शिक्षकों को मिला सम्मान

इस खास मौके पर शैक्षणिक सत्र के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों प्रोफेसर सीमा जोशी (रसायन शास्त्र विभाग) प्रोफेसर विनीता विजय (गणित विभाग) और डॉ. पॉल मैथ्यू (शिक्षा शास्त्र विभाग) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ये सभी शिक्षक “गोल्डन सर्कल” का हिस्सा बने और उनके योगदान को भी सराहा गया।

वहीं “गोल्डन सर्कल समारोह” में इसाबेला थोबर्न कॉलेज के अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं भी उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन के दौरान भावनात्मक विदाई, सम्मान और संस्थान की परंपराओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।