
जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कुल्हनामऊ रेलवे लाइन ओवरब्रिज, नेशनल हाईवे 731 पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जौनपुर भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक संभवतः किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास हाईवे के नीचे एक साइकिल खड़ी मिली है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक साइकिल से कहीं जा रहा था।
बक्शा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष प्रतीत हो रही है और अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।