मां सिद्धिदात्रि की सवारी देखने उमड़ी भीड़, जयकारों से गूंजा कोसीकलां

कोसीकलां। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन महानवमी पर नगर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों में पहुंचकर मां सिद्धिदात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नवमी के अवसर पर कन्या-लांगुरियों को भोजन कराकर उन्हें भेंट अर्पित की गई। इसी क्रम में मां पथवारी देवी मेला कमेटी द्वारा मां सिद्धिदात्रि का भव्य डोला राम दरबार सहित आकर्षक झांकियों के साथ नगर में धूमधाम से निकाला गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डोला लाला ग्यालाल स्मृति भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मैदान पर संपन्न हुआ। शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने मां की आरती उतारकर किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर भोग अर्पित किया और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
शोभायात्रा में शामिल बैण्ड-बाजों और राया की नफीरी की मधुर धुनों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। पथवारी देवी मंदिर पर सजे फूल बंगला की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। यहां दिलीप अग्रवाल, तुषार अग्रवाल और सक्षम अग्रवाल ने आरती उतारी।
भगवती मंदिर पर महिलाओं ने भक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे आयोजन में और भी रंग भर गए। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से मंदिर परिसर जगमगा उठा और मां की मनोहारी छवि श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करती रही।
डोले के साथ मेला आचार्य पं. छैलबिहारी उर्फ छिद्दा, पदम दलाल, रामकिशन फालैनिया, सुरेशचंद शर्मा, किरोड़ीलाल, अंकित जैन, वेदप्रकाश, श्याम बिहारी, गणेश अग्रवाल, प्रेम सिंह कोरी, गजेंद्र मास्टर, गिर्राज जायसवाल, अजय वार्ष्णेय, छोटू जैन, पुनीत सिंघल, पदम सुपानिया, पूरन मिस्त्री, राधे अग्रवाल, मनीष जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और नगर का माहौल भक्ति, उल्लास और आस्था से सराबोर नजर आया।