रंगबाजी की वीडियो बनाने वाली आरक्षी प्रियंका मिश्रा पर लाइन हाजिर, एसएसपी ने जारी किया आदेश

यूपी। सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई वीडियो सुर्खियों में बना रहता है। लोगों में रिल्स बनाने का ट्रेंड चल रहा है। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक महिला सिपाही ने भी वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सिपाही हाथ में रिवाल्वर लेकर इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो पोस्‍ट किया है। महिला सिपाही का वीडियो वायरल होने के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आगरा के एसएसपी मुनिराज ने उसे लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने मामले की जांच करने के आदेश दे दिए है।

एमएम गेट पर तैनात महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा

बता दें कि आगरा जिले के थाना एमएम गेट पर तैनात महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें प्रियंका कमर पर रिवाल्वर लगाए हुए नजर आ रही हैं। वहीं बाद में उसे हाथ में लेकर भी दिखाई दी। दरअसल, यह वीडियो प्रियंका ने टिक टॉक पर अपलोड करने के लिए बनाया था। इस वीडियो में बोल तो किसी और के हैं, लेकिन एक्टिंग प्रियंका ने किया है। प्रियंका ने पुलिस की वर्दी में रिवाल्वर के साथ इंस्टाग्राम पर वीडियो शूट किया। जिससे सोशल मीडिया पर काफी बवाल मच गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में भी सनसनी फैल गई है।

प्रियंका मिश्रा की कुछ दिन पहले ही हुई थी पोस्टिंग

थाना प्रभारी अवधेश अवस्थी का कहना है कि प्रियंका मिश्रा अंडर ट्रेनिंग है। कुछ दिन पहले ही थाने में पोस्टिंग मिली थी अभी वह छुट्टी पर है। एसएसपी मुनिराज ने बुधवार को आदेश पर प्रियंका मिश्रा को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रियंका मिश्रा के वीडियो को लेकर एसएसपी मुनिराज ने जांच बैठाई है। जिसमें वीडियो और उस रिवाल्वर आदि के संबंध में जांच की जाएगी। मामले की जांच के बाद प्रियंका मिश्रा पर कार्रवाई भी की जाएगी।

उत्तर प्रदेश से की पंजाब-हरियाणा की तुलना

वीडियो के साथ जो ऑडियो चल रहा है उसमें हरियाणा और पंजाब की तुलना रंगबाजी के मामले में उत्तर प्रदेश से की जा रही है। कहा जा रहा है कि हरियाणा-पंजाब तो बेकार ही बदनाम है, आओ कभी उत्तर प्रदेश। रंगबाजी क्‍या होती है, हम तुम्हें बताते हैं। इस ऑडियो के साथ महिला सिपाही एक्टिंग करती दिख रही है। 22 सेकेंड के इस वीडियो में वह पूरे समय रिवाल्‍वर दिखाते हुए नजर आती हैं।