
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन के बीच कर्मचारियों की लंबित 30 सूत्रीय मांगों को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। नगर आयुक्त के प्रतिनिधि के रूप में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी।
बैठक में रिक्त पदों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को द्वितीय श्रेणी लिपिक, क्लीनर से ड्राइवर, माली से प्रधान माली तथा सहायक अध्यापिका से मुख्य अध्यापिका जैसे पदों पर शीघ्र पदोन्नति प्रदान करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा निलंबित कर्मचारियों की जल्द बहाली, वर्ष 2013 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को सामूहिक बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के वेतन से भविष्य निधि के रूप में काटी गई धनराशि के भुगतान संबंधी प्रकरणों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने बीमार एवं महिला कर्मचारियों को उनके निवास के निकट स्थानांतरण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियों का सेवाकाल में ही परीक्षण, मृतक आश्रितों के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण तथा अवकाश के दिनों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रतिकर अवकाश दिए जाने जैसी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नगर निगम के कार्य संचालन को मिलेगी मजबूती
बैठक के दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद वर्मा और महामंत्री शमील अखलाक ने विशेष रूप से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। इस पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में नगर निगम में कार्यभार अधिक है और लिपिकों की कमी बनी हुई है। ऐसे में पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने से न केवल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा बल्कि नगर निगम के कार्य संचालन को भी मजबूती मिलेगी।
अपर नगर आयुक्त ने बैठक में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय अधीक्षक महेंद्र वर्मा तथा सहायक लेखाधिकारी राजीव कुमार सिंह को आवश्यक निर्देश भी जारी किए। वार्ता के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद वर्मा ने नगर निगम प्रशासन तथा अपर नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में संघ के संरक्षक रामचंदर यादव, अध्यक्ष आनंद वर्मा, महामंत्री शमील अखलाक, मोहम्मद शोएब, हेमंत कुमार, सुखदेव यादव, मिर्जा इरशाद बेग, विजय लक्ष्मी, रेखा यादव, जाकिर अली, यश विजय प्रकाश गुप्ता, अर्जुन यादव, निखिलेश खरे, शत्रोहन लाल, अब्दुल तनवीर, अनुज गुप्ता, मनीष चंद्र पाल, मोहम्मद शमशाद, पवन पाल सहित कर्मचारी संघ के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।