लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय को बड़ी सौगात: BCI ने नए B.B.A. LL.B. इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम को दी हरी झंडी

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने विश्वविद्यालय में 5-वर्षीय
बीबीए. एलएलबी इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम शुरू करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले इस रोजगारपरक कोर्स में 180 सीटों (तीन सेक्शन, प्रत्येक में 60 सीटें) पर प्रवेश दिए जाएंगे।

लविवि कुलपति प्रो. जेपी. सैनी ने इसे विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण कानूनी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम छात्रों को वैश्विक स्तर के कानूनी विशेषज्ञ बनने में मदद करेगा। इस मंजूरी के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है, जो अपने परिसर से सीधे 5-वर्षीय बीबीए. एलएलबी इंटीग्रेटेड डिग्री कोर्स संचालित करेगा।

रोजगार के व्यापक अवसर होंगे उपलब्ध

यह पाठ्यक्रम प्रबंधन और कानून का आधुनिक संयोजन है, जिसमें छात्रों को कॉर्पोरेट प्रबंधन, वित्त, मार्केटिंग, संवैधानिक एवं व्यापारिक कानूनों की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही मूट कोर्ट, लीगल राइटिंग, केस स्टडी और इंटर्नशिप जैसी व्यावहारिक प्रशिक्षण गतिविधियां भी पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगी। कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों के लिए कॉर्पोरेट लॉ फर्म, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, लीगल कंप्लायंस और न्यायिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे।