MP Election 2023: ‘पूरे विश्व में भारत का बज रहा डंका, कांग्रेस के गुब्बारे की निकल गई हवा’- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को मध्य प्रदेश के सतना और छतरपुर जिले के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के सतना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने देश में गरीब लोगों को चार करोड़ पक्के मकान मुहैया कराए हैं। पीएम ने लोगों से कहा आपका एक वोट भाजपा को मध्य प्रदेश में सरकार बनाने, दिल्ली में मोदी को मजबूत करने और राज्य में कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा मैंने मुफ्त राशन योजना को अगले पांच साल तक बढ़ाने का संकल्प लिया है।

मध्य प्रदेश के सतना में एक चुनावी रैली में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस के पास मध्य प्रदेश के विकास के लिए कोई रोडमैप नहीं है। राज्य के युवाओं को कांग्रेस में कोई भविष्य नहीं दिखता। राज्य को मोदी द्वारा दी गई गारंटी पर भरोसा है। हर गारंटी की पूरी होने की गारंटी।” पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आई तबाही लाई। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार राज्य में लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराने में विफल रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं राम मंदिर की चर्चा होती है। पूरे देश में खुशी की लहर है। हम तो भक्ति में डूबे हुए लोग हैं। हम राम मंदिर बनाते हैं भक्ति से और उसी भक्ति से गरीब के घर बनाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये मोदी है जिसने चार करोड़ घर बनाए लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश का चुनाव बहुत दिलचस्प है। इस बार एमपी की भविष्य माताएं-बहनें तय करने वाली हैं। कांग्रेस के झूठ के गुब्बारे की हवा निकल गई है। जब गुब्बारे की हवा निकलती है तो वो लड़खड़ाता है। वैसे ही कांग्रेस के नेता लड़खड़ा रहे हैं।