LDA की बड़ी कार्रवाई: होटल समादा के बेसमेंट में चल रहा अवैध बैन्क्वेट हाॅल सील

लखनऊ। राजधानी के शारदा नगर स्थित होटल समादा के बेसमेंट में संचालित अवैध बैन्क्वेट हाॅल को एलडीए ने बुधवार को सील कर दिया। इसके अलावा सुशांत गोल्फ सिटी, बिजनौर व मोहनलालगंज में 03 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने यह कार्रवाई की।

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने शहर में होटल, बैन्क्वेट हाॅल, कोचिंग सेंटर, हाॅस्पिटल समेत अन्य बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के आदेश दिये थे। जिसके अनुपालन में एलडीए व अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। इस क्रम में शारदा नगर के रूचिखण्ड-द्वितीय में भूखण्ड संख्या-बी-1/68 पर निर्मित होटल समादा में भी जांच की गयी थी।

होटल प्रबंधन के खिलाफ नोटिस जारी की गयी थी

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि होटल समादा में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट में अवैध रूप से बैन्क्वेट हाॅल संचालित किया जा रहा था। इस पर होटल प्रबंधन के खिलाफ नोटिस जारी की गयी थी। उक्त प्रकरण में सम्बंधित साक्ष्य प्रस्तुत न किये जाने पर विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने बुधवार को मौके पर कार्रवाई करते हुए बैन्क्वेट हाॅल को सील कर दिया।

3 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी, बिजनौर व मोहनलालगंज थानाक्षेत्र में भी अभियान चलाया गया। इस दौरान मोहित मिश्रा, दिलीप कुमार त्रिपाठी, पंकज गुप्ता व अन्य द्वारा प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे 03 अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया गया।