
प्रतापगढ़। अयोध्या प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में प्रतापगढ़ के होनहार खिलाड़ी ऋतिक श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम गोमती थंडर को खिताबी जीत दिलाई। डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गोमती थंडर ने गंगा वॉरियर को 45 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मैच में गोमती थंडर की टीम हर विभाग में मजबूत नजर आई। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक टीम का प्रदर्शन संतुलित और प्रभावशाली रहा। हालांकि जीत के सबसे बड़े नायक टीम के उपकप्तान ऋतिक श्रीवास्तव रहे, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
ऋतिक ने महज 3 ओवर में 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और गंगा वॉरियर की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया। उनकी गेंदबाजी के सामने विरोधी टीम के बल्लेबाज टिक नहीं सके।
पूरे टूर्नामेंट में भी ऋतिक का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 8 मैचों में कुल 17 विकेट हासिल किए और ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ का पुरस्कार अपने नाम किया। उनकी लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी ने गोमती थंडर को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
फाइनल में मिली इस जीत के साथ गोमती थंडर ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित किया और दर्शकों को एक यादगार मुकाबला देखने को मिला। प्रतापगढ़ के बाबूपट्टी गांव से ताल्लुक रखने वाले ऋतिक की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
ऋतिक के कोच आदित्य शुक्ला हैं, जबकि उनके पिता राजेंद्र श्रीवास्तव पेशे से अधिवक्ता हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है।