ऋषि कपूर की पहली पुण्यतिथि पर इमोशनल हुए उनके फैन्स

नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार और अपनी बेबाकी के लिए जाने जाने वाले ऋषि कपूर (‘चिंटू’) को आज दुनिया से विदा हुए पूरा एक साल बीत गया है। आज देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। ऋषि कपूर का नाम उन कलाकारों में शुमार है जिन्होंने काफी कम उम्र से अपने जीवन के अंत तक सिल्वर स्क्रीन पर राज किया। आज उनकी पहली पुण्यतिथि है। ऋषि कपूर शुरुआत से ही अलग मिजाज के थे, कहा जाता है कि वो जिद्दी थे और अपने काम में हमेशा मशग़ुल रहते थे। उन्होंने हमेशा खुद पर ध्यान दिया और लगातार बॉलीवुड में जमकर काम भी किया।

‘रोमांस के राजकुमार
ऋषि कपूर को रोमांस का राजकुमार इसलिए भी कहा गया कि उन्होंने डिंपल कपाड़िया से शुरू करके नीतू सिंह, मौसमी चटर्जी, शोमा आनंद, संगीता बिजलानी, विनीता गोयल, राधिका, अश्विनी भर्वे हेमा मालिनी, श्रीदेवी, जया प्रदा और दिव्याभारती तक करीब 50 हीरोइनों के साथ परदे पर रोमांटिक गाने गाए हैं। इसमें तीन पीढ़ियों की वे अभिनेत्रियां भी शामिल हैं जो अपने अपने समय में हिंदी सिनेमा की नंबर वन हीरोइन कहलाईं। ‘बॉबी’ से लेकर ‘दीवाना’ तक वो हिंदी सिनेमा के कन्हैया ही बने रहे।

ऋषि का निधन

ऋषि कपूर ने 67 वर्ष की आयु में दम तोड़ दिया था। वह कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने अमेरिका में लगभग एक साल तक इलाज कराया था। 28 अप्रैल 2020 की शाम ऋषि कपूर की तबियत अचानक से खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के मशहूर अस्पताल सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज तुरंत शुरू करवाया गया। वहीं उनके अस्पताल से कुछ वीडियो भी सामने आए थे। जहां उन्हें ICU में रखा गया था। लेकिन 30 अप्रैल की सुबह 8 बज कर 45 मिनट पर उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।

सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी

ऋषि कपूर की पहली पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया के जरिए फैन्स उन्हें लगातार याद करते हुए नजर आ रहे हैं। फैंस का कहना है कि ऐसा सितारा अब आना असंभव है। वहीं बड़े-बड़े फ़िल्म स्टार्स भी अपने चहेते को स्टार को याद कर भावुक हैं। सेलेब्स ने भी सोशल मीडिया के जरिए ऋषि कपूर को याद किया है। 67 साल की उम्र में ऋषि कपूर का निधन हुआ था। ऋषि कपूर ने 40 साल तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनकी कमी को कभी भरा नहीं जा सकता ।