सिल्क्यारा टनल हादसा: निर्माण कार्य के दौरान लाइनिंग गिरने से कार्मिक की मौत, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से एक कार्मिक की मौत हो गई।

उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में शॉटक्रीट लाइनिंग गिरने से कार्मिक की मौत
उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में निर्माण कार्य के दौरान लाइनिंग गिरने से एक कार्मिक की मौत, प्रशासन ने जांच के आदेश दिए।

नई दिल्ली/अमर भारती। उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित सिल्क्यारा टनल में बुधवार देर रात निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टनल के भीतर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक कार्मिक की मौत हो गई। हादसे के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

900 मीटर अंदर हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुई। निर्माण के दौरान टनल की शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे एक कार्मिक की मौके पर ही मौत हो गई।

जिलाधिकारी ने दिए तत्काल जांच के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा। उन्होंने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हादसे के वास्तविक कारणों की जांच करने और निर्माण कार्य कर रही एजेंसी द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करने के आदेश दिए हैं।

पीड़ित परिवार को सहायता और सुरक्षा पर जोर

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं। इसके अलावा टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक और वैधानिक कदम तत्काल उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर टनल निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़ें-

बंगाल में ममता की सियासी जमीन पर खड़ी हुई कूटनीतिक दीवार तो सोनिया ने दिलाई पुरानी याद, क्या TMC का कांग्रेस में होगा विलय?

बलूचिस्तान का इतिहास: आजादी के ऐलान से पाकिस्तान में विलय तक, क्या है पूरा सच?