अयोध्या मंडल के विकास कार्यों में ना हो लापरवाही, तय होगी जवाबदेही

 

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के खिलाफ जंग जारी रखते हुए अयोध्या मंडल में विकास कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं संदेश दिया कि इसमें लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को अपने आवास पर वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या मंडल के विकास कार्यो की समीक्षा कर रहे थे।

इसमें मंडल के सभी जिलों के सांसद, विधायक व अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या मंडल में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के साथ पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी। इसके मद्देनजर पर्यटन विभाग बुनियादी सुविधाओं को विकसित करे।

उन्होंने विकास की गति और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृत किया जाए।

सभी विकास कार्यों के साथ जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य के पूर्ण होने पर लागत में कमी आती है और जनता को विकास योजनाओं का समय से लाभ मिलता है। उन्होंने गांवों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।

कहा कि गो आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए चारे की सुचारु व्यवस्था की जाए और  गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।

कैसे किया करोड़ो का गबन, देखें ये खबर

भूमि से जुड़े प्रकरणों में तत्काल निर्णय करें

सीएम ने कहा, विकास परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता आवश्यक है। इसलिए इससे जुड़े प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेते हुए समाधान निकाला जाए।

उन्होंने नदियों के जीर्णोद्धार व तालाबों के पुनरुद्धार कार्य करने के भी निर्देश दिए। हर घर नल योजना की निरंतर समीक्षा की जाए। निवेश प्रस्ताव लंबित न रहें। 

 

शीघ्र पूरा करें स्टेडियम का निर्माण

सीएम को अयोध्या के मंडलायुक्त ने बताया कि अंबेडकरनगर राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला कारागार अंबेडकरनगर की प्रगति 98 प्रतिशत है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल का निर्माण 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। अयोध्या पुनर्गठन सीवरेज का कार्य वर्षा के बाद पूर्ण हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। 

पप्पू यादव ने दिया रघुवंश बाबू-पुतुल कुमारी को पार्टी में शामिल होने का न्योता

कोरोना पॉजिटिव सांसद हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने बाराबंकी के सांसद उपेंद्र वर्मा के कोविड-19 पॉजिटिव होने के बावजूद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने की सराहना की। उन्होंने सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।