विशेष संचारी रोग अभियान के तहत मितौली ब्लॉक परिसर में चला वृहद सफाई अभियान


नीमगांव खीरी। शासन के निर्देशों के क्रम में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासखंड मितौली परिसर में शनिवार को वृहद सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देकर संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
खंड विकास अधिकारी विकास कुमार सिंह तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रमोद कुमार के निर्देशन में ब्लॉक कार्यालय के खेल मैदान से लेकर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय के सामने तक व्यापक साफ-सफाई कराई गई। इस दौरान नालियों की सफाई, सड़क किनारे जमा गंदगी हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने का कार्य किया गया। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अभियान के दौरान सचिव मनोज कुमार, धीरेंद्र कुमार सहित सफाई कर्मचारियों की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए नियमित सफाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि सभी को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।