घर बैठे पूरी होगी नौकरी की तला: श्रम मंत्री

सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से श्रम मंत्री ने 3271 बेरोजगारों को दिया नौकरी का प्रमाण पत्र

लखनऊ। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को प्रदेश के 3271 बेरोजगार नवयुवकों को नियुक्ति पत्र देते हुए कहा कि यह नौकरी आपका अंतिम पड़ाव नहीं है बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है कि सभी अपनी योग्यता एवं कार्यकुशलता के अनुसार देश के विकास में सहयोगी बनकर विकास की मुख्य धारा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास व सम्मान केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है।

इसी के अनुरूप प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद तक अपनी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। सरकार के प्रयासों से ही राज्य के बेरोजगार नौजवानों को अभियान चलाकर सेवायोजित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान दिलाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक 4 लाख नौजवानों को रोजगार सेवायोजन विभाग के माध्यम से दिया है। कौशल विकास विभाग के माध्यम से भी 4 लाख नव युवकों को रोजगार दिया गया।

आईटीआई के माध्यम से 3 लाख नवयुवकों को नौकरी दी गयी। इसी प्रकार सरकारी क्षेत्र में भी संविदा के 6 लाख भर्तियां अब तक की जा चुकी हैं। प्रवासी मजदूरों को भी कार्यकुशलता के आधार पर रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में महज 1.81 लाख बेरोजगारों को सेवायोजित किया था। प्रदेश की वर्तमान सरकार इस आंकड़े से 3 से 4 गुना ज्यादा नवयुवकों को नौकरी देगी।