तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर सोनीपत में जश्न, CM नायब सैनी ने बांटी जलेबी

पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा के सोनीपत में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्सव मनाया।

नायब सिंह सैनी और मोहन लाल बडौली ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जलेबी बांटी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी जाहिर की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है और विपक्ष को करारा जवाब दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने भी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी और कहा कि पार्टी आने वाले समय में भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी।

सोनीपत में हुए इस जश्न की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। पार्टी समर्थक इसे ऐतिहासिक जीत बता रहे हैं और इसे आने वाले चुनावों के लिए बड़ा संकेत मान रहे हैं