
रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, वाराणसी ब्यूरो
वाराणसी, 28 मई। बकरीद से ठीक पहले वाराणसी की प्रसिद्ध पुरानी बकरा मंडी को नगर निगम ने बंद करा दिया, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बेनियाबाग स्थित बकरा मंडी में भीड़भाड़ और गंदगी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्वच्छता संबंधी शिकायतों के आधार पर निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने के बाद बेनियाबाग बकरा बाजार की अनुमति निरस्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को तीन दिन के भीतर मंडी खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्देश का पालन नहीं होने पर पुलिस की सहायता से मंडी खाली कराई गई।
वहीं इस कार्रवाई से बकरा व्यापारियों में काफी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि व्यापारियों का कहना है कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम प्रशासन द्वारा उन्हें मंडी खाली कराने से पहले किसी भी प्रकार का लिखित नोटिस या पूर्व सूचना नहीं दी गई। अचानक एक घंटे के भीतर पूरी मंडी खाली करने का आदेश दे दिया गया, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बकरीद जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से उनका लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि वर्षों से यहां व्यापार कर रहे लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
स्मार्ट सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शाकंभरी नंदन ने बताया कि पहले बेनियाबाग पार्क में बकरा मंडी लगाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन वहां अत्यधिक गंदगी फैलने के कारण नगर निगम ने मंडी बंद कराने का फैसला लिया।