‘अगर मैं भारत की नागरिक होती तो…’, नीतीश कुमार की टिप्पणी पर फूटी अमेरिकी सिंगर

बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के विवादित बयान पर देश की सियासत गरमाई हुई है। नीतीश कुमार ने राज्य विधानसभा में जनसंख्या नियंत्रण में शिक्षा और महिलाओं की भूमिका समझाने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है। उनके इस बयान का बीजेपी ने जमकर विरोध किया है। बिहार के सीएम अपने बयान के कारण देश भर में ट्रोल किए जा रहे हैं। अब यह मामला भारत से बाहर विदेश तक जा पहुंचा है। हॉलीवुड सिंगर मैरी मिलबेन ने नीतीश कुमार को फटकार लगाई है।

मैरी मिलबेन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘नीतीश कुमार जी के कमेंट्स के बाद, मेरा मानना है कि एक साहसी महिला को आगे आकर बिहार के मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करनी चाहिए। अगर मैं भारत की नागरिक होती, तो मैं बिहार जाती और मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ती। भाजपा को एक महिला को बिहार में नेतृत्व करने के लिए सशक्त बनाना चाहिए। यह महिला सशक्तिकरण और प्रतिक्रिया में विकास की सच्ची भावना होगी। या बिहार, जैसा शाहरुख ने जवान में चेतावनी दी थी, ‘वोट’ करें और बदलाव लाएं।’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि यदि लड़की पढ़ी लिखी रहेगी जो जनसंख्या नियंत्रण में रहेगी। इसी बात समझाने के लिए नीतीश कुमार ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि- ‘शादी के बाद लड़का-लड़की रात में कमरे में करता है, उसी से बच्चा पैदा होता है…’ आगे उन्होंने कहा कि बिहार में महिला साक्षरता सुधरी है, ये अब 51 से बढ़कर 73 फीसदी पर पहुंच गई है। इसके अलावा मैट्रिक पास लड़कियों की संख्या भी बढ़कर 24 से 55 लाख से ऊपर पहुंच गई है। इंटर पास लड़कियां की संख्या जो कभी 12 लाख के आसपास थी अब वह 42 लाख है। ग्रेजुएट महिलाओं की संख्या भी 4 लाख से 35 लाख हो गई है। बयान पर बढ़ते विवाद को देखते हुए नीतीश कुमार ने माफी भी मांग ली है।