PM मोदी के 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को गिनाया, विपक्षी दलों ने किया अपमान

चंडीगढ़, 24 अप्रैल। शुक्रवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री ने जिस दिन से सत्ता संभाली है उसी दिन से महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर दिया है।
उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों की नारी विरोधी सोच के चलते नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पास नहीं हो पाया। विपक्ष ने तालियां बजाकर, मेजें थपथपाकर, हंसी उड़ाकर महिला शक्ति का अपमान है।
उन्होने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सोच को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरियाणा जैसे राज्यों में लिंगानुपात में हुआ सुधार इस बात का प्रमाण है। भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा में प्रति हजार लड़कों पर 834 लड़कियां थीं, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 923 तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों का यह आचरण देश की महिलाओं के हृदय में एक शूल की तरह चुभ गया है जिसका उचित समय आने पर विपक्ष को उचित जवाब महिला शक्ति देने का काम करेगी। विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है और उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहा है जोकि देशहित के खिलाफ है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अभी अवसर चूका है, लेकिन अंतिम निर्णय बाकी है। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रह गया है। विपक्ष ने अक्षम्य अपराध किया है जिसको देश कभी नहीं भूलेगा।
प्रेसवार्ता के दौरान सुधांशु त्रिवेदी के साथ प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर, प्रदेश प्रशिक्षण सह प्रमुख रश्मि अग्रवाल, जिला सोशल मीडिया प्रमुख हीना शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष पूनम भटनागर, अलीशा तोमर, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, कांता सेन, उपासना सचदेवा, शारदा शर्मा, जिला प्रवक्ता सुशीला कटारिया, प्रदेश के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला मीडिया सह प्रभारी राजन चौहान, पियुष सैनी, वरूण चौहान और मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ आदि उपस्थित रहे।