
नई दिल्ली :नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और आरएसएस को लेकर दिया गया बयान सियासी गलियारों में तूफान ला रहा है. बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी के बयान को शर्मनाक एवं आपत्तिजनक बताया है.
दरअसल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं. इस बीच अपने कार्यकर्ताओं की हौसलाफज़ाई करने पहुंचे राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा “जब आब घर वापस जाओगे और आरएसएस कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे, नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की बात करेंगे, उनके सामने आप उनसे कहो कि आपका प्रधानमंत्री गद्दा है, आपका गृहमंत्री गद्दार है, आपका संगठन गद्दा है. आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है.आपने हमारे संविधान पर आक्रमण किया है. आपने अंबेडकर जी, गांधी जी पर आक्रमण किया है.”
राहुल गांधी का ये बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुआ जिस पर सियासी पारा गर्मा गया है. इसके अलावा पीएम के इटली दौरे पर वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से हुई मुलाकात को लेकर भी राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसा.
दरअसल इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकातें सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स और व्यूअर्स की बाढ़ ले आती हैं. इस बार भी जब पीएम मोदी और मेलोनी की मुलाकात हुई तो अपनी आदत के मुताबिक उन्होनें पीएम मोदी की दी हुई मेलॉडी टॉफी के पैकेट के साथ एक वीडियो बनाया जो कि सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गया.
इस वीडियो को माध्यम बनाते हुए भी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा. राहुल गांधी ने लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं. किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं. यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है.”
राहुल गांधी ने आर्थिक हालात को लेकर चिंता जताई और कहा कि 2 से 3 महीनों के अंदर बड़ा झटका लगने वाला है, भारत की सरकार आपको बचा नहीं पाएगी. नरेन्द्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है. अब आर्थिक तूफान आने वाला है.
नरेंद्र मोदी रोएंगे, जैसे कोविड और नोटबंदी की समय रोए थे, और कहेंगे कि ‘मेरी ग़लती नहीं है.’ मैं आपको बता रहा हूं कि ग़लती सिर्फ़ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है क्योंकि उन्होंने इसको (भारतीय संविधान) ख़त्म किया है.” पीएम मोदी देश की जनता से कहते हैं विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदो, आने वाले समय में किसान के पास खाद भी नहीं होगा.
भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी निंदा की
राहुल गांधी ने एक के बाद एक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और देश के हालात के लिए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और आरएसएस को सीधा जिम्मेदार ठहराया. राहुल के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई. भारतीय जनता पार्टी के खेमे में राहुल गांधी खिलाफ बयानों की झड़ी लग गई. सभी नेता प्रतिपक्ष के बयान की निंदा कर रहे हैं. बीजेपी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने देश की 140 करोड़ आबादी का अपमान किया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि “राहुल गांधी का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है जो उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है. मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार और निराशा उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है.”
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने भी राहुल गांधी पर पलटवार किया है. उन्होंने एक्स सोशल मीडिया पर लिखा – “विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति की जननी कांग्रेस के ‘युवराज‘ की अमर्यादित टिप्पणी उनकी नकारात्मक राजनीति, असंयमित सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके अनादर को प्रदर्शित करती है. उनकी घोर निंदनीय टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और लोकतांत्रिक संस्कारों का भी अपमान है.”
योगी आदित्यनाथ यहीं नहीं रूके. उन्होंने आगे कहा – “कांग्रेस के ‘युवराज’ को अपने आपत्तिजनक, असंसदीय और कुंठाजनित वक्तव्य के लिए समूचे देश से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए.” अब राहुल गांधी का बयान सियासी गलियारों में बवाल मचा रहा है. देखना होगा कि इन बयानों से सियासी पारा और कितना हाई होता है. चाहे मौसम का मिजाज हो या महंगाई की मार हाई तकनीक की दुनिया में भारत में सबकुछ हाई हो चुका है, चीजों के दाम भी या मौसमी पारा भी. देखते हैं कि इन बयानवीरों के किन बयानों से देश को फायदा होता है. हालात तो जनता त्रस्त और नेता मस्त वाले ही दिख रहे हैं.