सोशल मीडिया पर वायरल हुई CJP का ‘X’ एकाउंट ब्लॉक्ड, मीम, व्यंग्य या नया डिजिटल आंदोलन? जानिए

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP का नाम तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और X (पूर्व ट्विटर) पर शुरू हुआ यह डिजिटल व्यंग्य अभियान अब देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है। कुछ लोग इसे युवाओं की नाराजगी का प्रतीक मान रहे हैं तो कुछ इसे सिर्फ एक मीम और ऑनलाइन सटायर बता रहे हैं। लेकिन कम समय में जिस तरह इसने करोड़ों लोगों का ध्यान खींचा, उसने इसे इंटरनेट का बड़ा ट्रेंड बना दिया है।

“कॉकरोच जनता पार्टी” की शुरुआत मई 2026 में हुई बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसे अभिजीत दिपके नाम के एक कंटेंट क्रिएटर ने शुरू किया। इस अभियान का नाम उस विवाद से जुड़ा माना जा रहा है जिसमें बेरोजगार युवाओं को लेकर “कॉकरोच” शब्द चर्चा में आया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस शब्द को विरोध और व्यंग्य के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

CJP खुद को “युवाओं का राजनीतिक फ्रंट” बताता है। इसके सोशल मीडिया बायो में “By the youth, For the youth” जैसे स्लोगन इस्तेमाल किए गए। पार्टी का अंदाज पूरी तरह व्यंग्यात्मक है, जिसमें राजनीतिक मीम, कटाक्ष और सोशल कमेंट्री शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉन्च के कुछ ही दिनों में इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स लाखों में पहुंच गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CJP ने शुरुआती 72 घंटों में ही लाखों सदस्य जोड़ने का दावा किया। इसका इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ ही दिनों में 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स तक पहुंच गया और बाद में यह संख्या 1 करोड़ के करीब बताई गई। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इसके फॉलोअर्स BJP के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से भी ज्यादा हो गए थे।

इस डिजिटल अभियान को कई चर्चित हस्तियों ने भी फॉलो किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया की कई चर्चित हस्तियां इसके फॉलोअर्स में शामिल थीं। इससे इसकी लोकप्रियता और तेजी से बढ़ी।

हालांकि विवाद तब और बढ़ गया जब “कॉकरोच जनता पार्टी” का X अकाउंट भारत में ब्लॉक या “withheld” दिखने लगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार X प्लेटफॉर्म ने कानूनी मांग का हवाला देते हुए भारत में इस अकाउंट की पहुंच सीमित कर दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और डिजिटल सेंसरशिप को लेकर नई बहस शुरू हो गई।

सोशल मीडिया पर इसके समर्थन और विरोध दोनों देखने को मिले। कुछ लोगों ने इसे लोकतंत्र और आलोचना की आवाज से जोड़कर देखा, जबकि कई यूजर्स ने इसे सिर्फ वायरल मीम पॉलिटिक्स बताया।

विशेषज्ञ मानते हैं कि “कॉकरोच जनता पार्टी” भारत में डिजिटल राजनीति के बदलते स्वरूप का उदाहरण है। पहले जहां राजनीतिक अभियान सिर्फ रैलियों और टीवी बहसों तक सीमित थे, अब इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और वायरल कंटेंट के जरिए भी राजनीतिक संदेश तेजी से फैल रहे हैं। युवाओं की भाषा और इंटरनेट कल्चर का इस्तेमाल कर यह अभियान चर्चा के केंद्र में आ गया।

हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” भविष्य में किसी वास्तविक राजनीतिक संगठन का रूप लेगी या नहीं। फिलहाल इसे एक डिजिटल व्यंग्य आंदोलन और सोशल मीडिया ट्रेंड के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन इतना जरूर है कि इसने कुछ ही दिनों में भारतीय सोशल मीडिया की राजनीति को नई बहस को जन्म दे दिया है.