तालाब में डूबकर दो युवकों की मौत, गांव में कोहराम

मानपुर, सीतापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उलरा के मजरा चमरपुरवा में शनिवार सुबह तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या का 23 वर्षीय मोहित सिंघाड़े अपने सिघाड़ा की फसल पर दवाई छिड़कने के लिए तालाब में डोंगी (छोटी नाव) से गया था। डोंगी जैसे ही गहरे पानी में पहुंची, वह डूबने लगी और मोहित जल में समा गया। इसी दौरान पास खड़ा 20 वर्षीय अरुण पुत्र राजेश उर्फ राजू मोहित को बचाने के लिए तालाब में कूद गया, लेकिन मोहित का पैर पकड़ लेने के कारण अरुण भी डूब गया।

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मोहित की शादी हो चुकी थी और दो बच्चे हैं—अंकुश (4 वर्ष) और अंकिता (3 वर्ष), जबकि उनकी पत्नी मोनू गर्भवती हैं।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष ट्रेनी पीपीएस अभिषेक कुमार ने बताया कि शवों का पंचनामा करवा कर पीएम के लिए भेजा गया है।