लंदन में रविशंकर विश्वकर्मा ने एआई और रोबोटिक्स में स्नातक की डिग्री हासिल कर जौनपुर का नाम किया रोशन

जौनपुर। कबिरुद्दिनपुर धर्मापुर निवासी राजेश विश्वकर्मा सन 2002 में रोजगार की तलाश में लंदन पहुंचे थे। कठिन परिश्रम के साथ उन्होंने अपने परिवार को शिक्षित और संस्कारित करने का बीड़ा उठाया। राजेश के दो बच्चों ने लंदन की धरती पर पढ़ाई कर जौनपुर का नाम गौरवान्वित किया है।

राजेश की बेटी महिमा विश्वकर्मा ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से बायो मेडिकल साइंस में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद अब आर्मेनिया से एमबीबीएस का कोर्स कर रही हैं। वहीं बेटा रविशंकर विश्वकर्मा ने लंदन की हर्टफोर्डशायर यूनिवर्सिटी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स में स्नातक की डिग्री हासिल की है।

परिवारजन दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि रविशंकर ने फोन पर जानकारी दी कि उनका ग्रेजुएशन समारोह एक 1700 साल पुराने चर्च ‘सेंट एलवंस कैथेड्रल’ में हुआ, जो ब्रिटेन के ‘चर्च ऑफ इंग्लैंड’ को समर्पित है और ईसाई धर्मगुरु का ऐतिहासिक स्थल माना जाता है। ऐसे पावन स्थल पर सम्मानित होना परिवार और गांव के लिए गर्व की बात है।

रविशंकर की सफलता की खबर मिलते ही गांव और परिवार में खुशी का माहौल छा गया। बधाइयों का तांता लग गया और लोगों ने इसे जौनपुर की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।