69वीं विद्यालयी प्रादेशिक कुराश प्रतियोगिता का भव्य समापनसहारनपुर मंडल बना बालक एवं बालिका वर्ग में चैंपियन

बाराबंकी। राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम, बाराबंकी में आयोजित 69वीं विद्यालयी प्रादेशिक कुराश प्रतियोगिता का समापन समारोह बुधवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्य अतिथियों का स्वागत जिला विद्यालय निरीक्षक श्री ओ.पी. त्रिपाठी ने पुष्पगुच्छ, पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय संदौली की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ भी उल्लासपूर्वक मनाई गई। सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम” का गायन कर कार्यक्रम को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, समन्वय और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। परिणामों में सहारनपुर मंडल ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में विजेता मंडल का खिताब अपने नाम किया। वाराणसी मंडल (बालक वर्ग) एवं मेरठ मंडल (बालिका वर्ग) उपविजेता रहे।

विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल अयोध्या श्री योगेंद्र कुमार सिंह ने पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समापन समारोह में डी.पी. तिवारी, अशोक त्रिपाठी, संतोष कुमार मौर्य, अर्चना पांडेय, अनंत कुमार अस्थाना, राष्ट्रीय कोच तौहीद खान, रितु पाठक, पुनीत मणि त्रिपाठी, दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी, शशि सिंह, विपिन कुमार, दिवाकर गांधी, अभिषेक सिंह, कामरान मलिक, भूपेंद्र सिंह, अनिल साहू, राजकुमार वर्मा, रेफरी मंजू नयाल, पर्व, अजीत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, व्यायाम प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।