मोबाइल टावर से केबिल चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार: पुलिस ने बरामद की चोरी की केबिल

लखनऊ। राजधानी केे थाना इटौंजा पुलिस टीम ने मोबाइल टावर से केबिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई केबिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित रूप से की गई।

पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल को लखनऊ के गोमती नगर निवासी द्वारा थाना इटौंजा में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम राजा गढ़ा स्थित साधना भट्ठे के पास लगे मोबाइल टावर से विपक्षी विनीत पुत्र तुलसी द्वारा लगभग 10 मीटर पावर केबिल चोरी कर ली गई है। इस सूचना के आधार पर थाना इटौंजा में मुकदमा संख्या 058/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

इटौंजा पुलिस टीम ने की तत्काल कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना इटौंजा पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 अप्रैल को राजागढ़ा रोड स्थित कुर्मियानी महादेव मंदिर के पास से आरोपी विनीत निवासी ग्राम राजा गढ़ा मजरा सूरजपुर, थाना इटौंजा, लखनऊ को गिरफ्तार किया।

वहीं तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 मीटर लंबी काले रंग की 75 एमएम केबिल बरामद की गई, जो चोरी की बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की है। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।